Wednesday, December 2, 2020

एक हफ्ते के भीतर मिले इन दो धातु स्तम्भों का रहस्य क्या है?


हाल में दुनिया के दो देशों में दो रहस्यमय धातु स्तम्भ देखे गए हैं, जिन्हें लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इन दो के बाद कैलिफोर्निया में एक तीसरा स्तम्भ मिलने की खबर आई है। इनके पीछे किसी सिरफिरे कलाकार की परिकल्पना से लेकर अंतरिक्ष के किसी बुद्धिमान प्राणी का हाथ तक माना जा रहा है। पिछले नवंबर महीने में अमेरिका के यूटा (Utah) क्षेत्र में वन्य-जीवन से जुड़ी एक संस्था एक निर्जन क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से सर्वे कर रही थी कि उसे एक पथरीली घाटी की तलहटी में धातु का स्तम्भ नजर आया। 

हेलीकॉप्टर उतारा गया और उसे देखने के बाद किसी को समझ में नहीं आया कि उस स्तम्भ का उद्देश्य क्या हो सकता है। किसने इसे स्थापित किया होगा? बहरहाल 23 नवंबर को यूटा के डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी ने इस स्तम्भ के मिलने की घोषणा की और यह अनुमान भी लगाया कि शायद यह किसी मूर्तिकार-कलाकार की परिकल्पना है, जिसने इसे ऐसी अनोखी जगह लगाया है। या किसी का वैज्ञानिक प्रयोग है? किसी स्टंटमैन की करामात?

इस खबर के सामने आने पर कुछ लोगों ने सन 1968 की फिल्म ‘2001: स्पेस ओडिसी से इसे जोड़ा। प्रसिद्ध विज्ञान लेखक आर्थर सी क्लार्क ने उस फिल्म की कहानी लिखी थी, जिसके अनुसार प्रागैतिहासिक काल में अंतरिक्ष के निवासी धरती पर एक विशाल काला स्तम्भ स्थापित कर जाते हैं, जो प्रागैतिहासिक मनुष्य के क्रिया-कलाप को संचालित करता है।

जितने रहस्यमय तरीके से इस स्तम्भ के मिलने की खबर आई थी, उतने ही रहस्यमय तरीके से यह खबर भी आई कि दो-एक दिन बाद ही वह स्तम्भ गायब हो गया है। इसके बाद देश के फेडरल ब्यूरो ऑफ लैंड मैनेजमेंट के यूटा दफ्तर ने घोषणा की कि 27 नवंबर को किसी अनजानी पार्टी ने वह स्तम्भ हटा दिया है। अलबत्ता जिस जगह स्तम्भ था, उस जगह एक पत्थर छोड़ा गया है। इसने किसने हटाया, कौन अनजानी पार्टी है, वगैरह अभी सवाल ही हैं। उधर अमेरिकी मीडिया में इस स्तम्भ के हटने के कारणों को लेकर भी खबरें आ रही हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक फोटोग्राफर का विवरण छापा है, जिसके अनुसार चार आदमी आए और उसे उखाड़ कर ले गए। न्यूयॉर्क टाइम्स ने स्तम्भ को हटाने वालों की वे तस्वीरें भी छापी हैं, जो मोबाइल कैमरा से ली गई हैं। 




अभी यह रहस्य खबरों में था ही कि 30 नवंबर को रोमानिया के बाटका डोआम्नी इलाके में भी करीब चार मीटर ऊँचा ऐसा ही धातु का एक स्तम्भ मिला है। यह स्तम्भ एक पहाड़ी पर है। इसे देखने वाले बताते हैं कि इस स्तम्भ पर कुछ सर्पिल पैटर्न उकेरे गए हैं और वैल्डिंग के निशान भी हैं। स्थानीय खबरिया वैबसाइट ziarpiatraneamt.ro ने इसका एक वीडियो भी जारी किया है। यह वीडियो जिस व्यक्ति ने बनाया है उसने इसे फेसबुक पर भी डाला है। उसके अनुसार यह स्तम्भ किसी ने कबाड़ के सामान को जोड़कर बनाया है और यहाँ लगा दिया है।

संभव है कि दोनों स्तम्भों को पीछे सनकी कलाकारों की परिकल्पना हो। फिलहाल इतना लगता है कि दोनों की कहानी एक जैसी नहीं है। खासतौर से यूटा के स्तम्भ का गायब होना बताता है कि इसे सायास लगाया गया था और खबरें फैलने पर हटा लिया गया। पर उस निर्जन इलाके में इसे क्यों लगाया गया, यह सवाल जरूर है।

 



 


 

 

 

1 comment: