Showing posts with label स्मरण. Show all posts
Showing posts with label स्मरण. Show all posts

Tuesday, October 6, 2020

नक्षत्रों का अवसान

कोरोना की महामारी के इस दौर में हर रोज किसी न किसी के बीमार पड़ने या  निधन के समाचार मिल रहे हैं। आना-जाना दुनिया की रीत है, फिर भी बहुत से लोगों का जाना देर तक याद रहता है। हाल में कम से कम चार ऐसी विभूतियों के निधन की खबरें मिली हैं, जिनका उल्लेख करने का मन करता है। ये चार नाम हैं कपिला वात्स्यायन, गायक एसपी बालासुब्रमण्यम, जसवंत सिंह और पत्रकार हैरल्ड इवांस। चारों के कार्यक्षेत्र अलग-अलग थे, पर चारों को याद रखने का एक कारण है वह जिजीविषा जिसने इन चारों का जीवन उल्लेखनीय बना दिया। इतिहास की पुस्तक में इनके योगदान को लम्बे समय तक याद किया जाएगा।

कपिला वात्स्यायन

कपिला वात्स्यायन का हाल में 92 वर्ष की आयु में नई दिल्ली स्थित उनके घर पर निधन हो गया। उनका अवसान राष्ट्रीय क्षति है, जिसकी पूर्ति आसान नहीं है। वे प्राचीन भारतीय संस्कृति और सभ्यता की आवाज थीं। इस संस्कृति की प्रतिमूर्ति कपिला जी सही अर्थों में विदुषी थीं। संस्कृति के पारम्परिक मनीषियों से लेकर विदेशी विद्वानों तक से उनका संवाद था। भारत से बाहर वे भारतीय संस्कृति के स्वाभिमान की प्रतिनिधि थीं। उनके उच्चस्तरीय अकादमिक कार्य को वैश्विक स्वीकृति मिली हुई थी। देश के बाहर भारतीय संस्कृति के प्रसार का काम भी उन्होंने किया।