Showing posts with label एवर गिवेन. Show all posts
Showing posts with label एवर गिवेन. Show all posts

Tuesday, March 30, 2021

स्वेज़ में जहाज फँसने से उठते सवाल


मिस्र की स्वेज़ नहर में जाम खुल गया है। क़रीब एक हफ़्ते से वहां फँसे विशाल जहाज़ को बड़ी मुश्किल से रास्ते से हटाया जा सका। टग बोट्स और ड्रैजर की मदद से 400 मीटर (1,300 फुट) लंबे 'एवर गिवेन' जहाज़ को निकाला गया। जहाज़ को हटाने में मदद करने वाली कंपनी, बोसकालिस के सीईओ पीटर बर्बर्सकी ने कहा, "एवर गिवेन सोमवार को स्थानीय समयानुसार 15:05 बजे फिर पानी पर उतराने लगा था। जिसके बाद स्वेज़ नहर का रास्ता फिर से खोलना संभव हुआ।" जहाज निकल गया, पर दुनिया के लिए कई तरह के सबक छोड़ गया है। 

एवर गिवन जहाज काफी बड़े आकार का है, लेकिन उससे भी बड़े जहाज इससे गुजरते रहे हैं। इसकी लंबाई करीब 400 मीटर, चौड़ाई 60 मीटर और गहराई 14.5 मीटर है। यह कुल दो लाख टन का वजन उठा सकता है। इसके चालक दल के सभी सदस्य भारतीय हैं। पर नहर पार करने का जिम्मा मिस्रवासी पायलट के पास था। यह जहाज 20,000 कंटेनर लेकर शंघाई से रोटरडैम के सफर पर निकला था।

इस अटपटी परिघटना के बाद सवाल है कि जब 19वीं सदी में बने एक ढांचे में 21वीं सदी की तकनीक का इस्तेमाल होने लगता है तब क्या ऐसा ही होता है? एक अहम समुद्री परिवहन मार्ग के अवरुद्ध होने से कुछ ऐसा ही हुआ है। इस घटना के बड़े दुष्परिणाम भी हो सकते हैं। मंगलवार 23 मार्च की सुबह कंटेनर ढोने वाला जहाज 'एवर गिवन' स्वेज़ नहर से गुजर रहा था। उसी समय वह थोड़ा टेढ़ा होकर किनारे से जा लगा और पूरी नहर ही अवरुद्ध हो गई। 

स्वेज़ नहर के रास्ते होने वाली आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। इसकी वजह से नहर के मुहाने पर इंतजार कर रहे जहाजों की लंबी कतार लग गई। जहाज के फँसने वाली जगह पर नहर की चौड़ाई करीब 300 मीटर है। उलटे शंकु वाले आकार में बनी स्वेज नहर की तली सतह से कम चौड़ी है और दोनों किनारों पर ढलान बनी हुई है। एवर गिवन जहाज नहर के पूर्वी किनारे पर जाकर मिट्टी में धंस गया था।