Thursday, February 18, 2021

ई श्रीधरन का भाजपा में आना


मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले हैं। भाजपा ने दावा किया कि मेट्रो मैन श्रीधरन 21 फरवरी को पार्टी की विजय यात्रा के दौरान बीजेपी में शामिल होंगे। केरल बीजेपी चीफ के सुरेंद्रन के नेतृत्व में भाजपा 21 फरवरी से विजय यात्रा निकाल रही है।

सुरेंद्रन ने कहा कि यह हमारी इच्छा है कि मेट्रो मैन विधानसभा चुनाव लड़ें। हमने इसका प्रस्ताव दिया है। हालांकि, श्रीधरन की ओर से अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। कासरगोड से शुरू होने वाली पार्टी की 'विजय यात्रा' के दौरान वे भाजपा में शामिल होंगे। विजय यात्रा जब मलप्पुरम पहुंचेगी तभी वह पार्टी से जुड़ेंगे। मलप्पुरम श्रीधरन का गृह जिला है।

मेट्रो जैसे क्रांतिकारी परिवहन माध्यम में उनके योगदान की वजह से साल 2001 में उन्हें पद्मश्री और 2008 में पद्म विभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं विकास कार्यों में इनके योगदान को देखते हुए फ्रांस सरकार ने भी साल 2005 में इन्हें 'Chavalier de la Legion d’honneur' अवार्ड से सम्मानित किया था। इसके अलावा, अमेरिका की विश्व प्रसिद्ध पत्रिका टाइम मैगजीन ने इन्हें ‘एशिया का हीरो’ का टाइटल दिया था।

श्रीधरन प्रधानमंत्री मोदी के समर्थक माने जाते हैं। 2014 में लोकसभा चुनाव से पहले दो बार उन्होंने नरेंद्र मोदी को अच्छा नेता बताया था। मोदी की प्रधानमंत्री पद की दावेदारी का समर्थन करने वालों में भी उनका नाम शामिल था। अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी जोड़-तोड़ चल रही है। हाल में भाजपा की सहयोगी और NDA में शामिल भारत धर्म जन सेना (BDJS) ने गठबंधन से नाता तोड़ लिया। BDJS के कुछ नेताओं ने पार्टी छोड़कर नया दल बना लिया है। इसे भारती जन सेना (BJS) नाम दिया गया है। कुछ दिन पहले ही भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा दो दिन के दौरे पर केरल गए थे।

No comments:

Post a Comment