Wednesday, November 25, 2026

पंजाब में चुनाव की सरगर्मी

 

वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह, जो इस समय जेल में हैं। 

पंजाब में चुनावी सरगर्मी शुरू हो चुकी है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 71 उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं। कांग्रेस ने संगरूर में रैली कर अपनी ताकत दिखाई है। गत 24 नवंबर को अकाली-बीजेपी गठबंधन की भी घोषणा हो गई है। इन पार्टियों के अलावा ग्रामीण सिख युवाओं का संगठन 'वारिस पंजाब दे' ने भी अपनी मौजूदगी दिखाई है। 14 जनवरी 2025 को अमृतपाल सिंह के नेतृत्व में अकाली दल (वारिस पंजाब दे) नामक राजनीतिक दल का गठन किया गया। अमृतपाल सिंह को 2023 में गिरफ्तार कर असम की डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया था और हाल में 21 नवंबर 2026 को अदालत की अनुमति से अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वे अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचे थे। जुलाई 2024 में, अमृतपाल को सांसद के तौर पर शपथ लेने के लिए दिल्ली जाने और फिर सीधे असम वापस जाने के लिए चार दिन की पैरोल दी गई थी। गिरफ्तारी के बाद से उन्हें अपने गांव लौटने और अपने समर्थकों से मिलने का मौका नहीं मिला है।

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल छह साल बाद बार फिर एक साथ आ गए हैं। 24 नवंबर को गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की घोषणा की। अमित शाह ने कहा कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का पद भी उसी को मिलेगा। हालाँकि, सीटों के बँटवारे का फॉर्मूला अभी घोषित नहीं हुआ है। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। पहले गठबंधन में बीजेपी को 23 सीटें मिलती थीं। इस बार वह इससे कहीं ज़्यादा सीटों की माँग कर रही है।

वहीं आम आदमी पार्टी 26 नवंबर को अपने 14वें स्थापना दिवस पर मोगा में शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी इस मौके पर एक मेगा रैली का आयोजन करेगी, जिसमें अब तक घोषित सभी 71 उम्मीदवार, हल्का इंचार्ज, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एक ही मंच पर नजर आएंगे। प्रदेश की राजनीति में यह पहला बड़ा मौका होगा, जब ‘आप’ के घोषित 71 उम्मीदवार राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ एक मंच पर नजर आएंगे। इसके अलावा सभी हल्का इंचार्जों की भी भागीदारी दिखाई देगी। इसे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए ‘आप’ के औपचारिक चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार ने मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, 10 लाख तक फ्री इलाज, विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल और रोजगार से जुड़े फैसलों को अपनी प्रमुख पहलों में रखा है। 26 नवंबर को पार्टी नेतृत्व इन योजनाओं और सरकार की ओर से किए गए कामों का ब्यौरा जनता के सामने रखेगा. इसके साथ ही पंजाब के अगले पाँच वर्षों के विकास का रोडमैप भी सामने आने की उम्मीद है।

कॉक्रोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों के बाद से उत्तर भारत में यह पहला राज्य चुनाव होगा, जिसकी वजह से मोदी सरकार को कई राजनीतिक विवादों का सामना करना पड़ा। पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ आंदोलन और फिर स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न के ज़रिए वोटरों को बाहर करने पर हुए विरोध प्रदर्शनों ने संसद में विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी और मुख्य विपक्षी पार्टी के तौर पर कांग्रेस की राजनीतिक साख बढ़ा दी है।

कांग्रेस ने सचिन पायलट को पंजाब इंचार्ज और पूर्व भारतीय हॉकी टीम के कप्तान और तीन बार के विधायक परगट सिंह को राज्य कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर गुटबाजी को रोकने की कोशिश की है। इस कॉम्बिनेशन ने झगड़े को काफी हद तक कंट्रोल करने में मदद की है। पंजाब में कांग्रेस का एक मज़बूत बेस पहले से है।

बीजेपी-अकाली गठबंधन

सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के अनुसार बीजेपी-अकाली गठबंधन का ऐलान पहले 25 नवंबर को होना था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे एक दिन पहले घोषित करने का फैसला किया। बिट्टू ने बताया कि करीब छह महीने पहले बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में इस गठबंधन को लेकर बैठक हुई थी। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) और बीजेपी ने पंजाब विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की है।

2020 में अकाली दल ने किसानों के आंदोलन के समर्थन में एनडीए से अलग होने का फ़ैसला किया था। अब क़रीब छह साल बाद फिर से अकाली दल की एनडीए में वापसी हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अकाली दल का साथ मिलने से बीजेपी को पंजाब विधानसभा चुनाव में फ़ायदा मिलेगा? दोनों पार्टियां 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव और 2024 में लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़ चुकी हैं और बुरी तरह से नाकाम रही थीं। अकाली दल को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक रूप से फिर प्रासंगिक होने का रास्ता तलाशना है।

2022 में अकाली दल ने बीएसपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जबकि बीजेपी के साथ दूसरे सहयोगी दल थे। 2024 में दोनों पार्टियों ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर अलग-अलग चुनाव लड़ा। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पंजाब की 13 में से सात सीटें जीती थीं। उसका वोट शेयर क़रीब 26 फ़ीसदी था। बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिली जबकि अकाली दल को एक सीट मिली थी। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल महज तीन सीट जीत पाई थी जबकि बीजेपी को दो सीटें मिली थीं।

बीजेपी के पूर्ववर्ती संगठन भारतीय जनसंघ के साथ अकाली दल का सहयोग 1960 के दशक में शुरू हुआ था, जबकि मौजूदा अकाली-बीजेपी गठबंधन 1990 के दशक के मध्य में बना। 1967 से पहले पंजाबी भाषी राज्य और भाषा नीति के मुद्दे पर अकाली दल और जनसंघ के बीच गंभीर मतभेद थे। दोनों स्वाभाविक वैचारिक सहयोगी नहीं थे। बाद में इन मतभेदों के बावजूद सहयोग शुरू हुआ। 1966 के बाद से अकाली दल और बीजेपी, या उससे पहले जनसंघ कभी अपने दम पर सत्ता में नहीं आई हैं। यहाँ तक कि 1997 में भी, जब अकाली दल को 75 सीटें मिली थीं और उसे स्पष्ट बहुमत हासिल था, तब भी उसने बीजेपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। वास्तव में, बादल ने गठबंधन सरकार बनाई थी। वे अपने दम पर अकाली सरकार बना सकते थे, लेकिन उन्होंने गठबंधन चुना। इन दोनों पार्टियों के सामने गठबंधन करने की मजबूरी है, क्योंकि दोनों का आधार बहुत सीमित है। अकाली दल ग्रामीण पार्टी है। उसका समर्थन आधार सिखों के बीच है। बीजेपी का समर्थन ज़्यादातर हिंदुओं के बीच है और वह शहरी पार्टी है।

बहुकोणीय मुकाबला

चुनाव अभी करीब चार से पाँच महीने दूर हैं, पर उसकी तेज आहट सुनाई पड़ने लगी है। चूँकि चुनाव बहुकोणीय होने वाला है, इसलिए गतिविधियाँ कई कोणों से दिखाई पड़ रही हैं। ज्यादातर गतिविधियाँ पार्टियों के टिकटों और गठबंधनों को लेकर हैं। हाल में आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थामा, जिससे लगता है कि उन्हें अपनी पार्टी से टिकट मिलने की उम्मीद नहीं थी, या बीजेपी में बेहतर संभावनाएँ नज़र आ रही हैं। ‘आप’ के बागी कुँवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

गत 5 नवंबर गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के शहर अंबाला में शहीद स्मारक का लोकार्पण किया और एक जनसभा को संबोधित भी किया। इसके पहले उन्होंने करनाल में ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस की मुहिम के जवाब में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा की। इन कार्यक्रमों का पंजाब के चुनाव के साथ परोक्ष संबंध है। अंबाला और करनाल हरियाणा में हैं, पर इस इलाके की पंजाब  से सटी हुई है। इसके पश्चिम में पंजाब के पटियाला और रोपड़ जिले तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ हैं।

इसके पहले जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर में कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करके गए हैं। प्रधानमंत्री ने अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई, जिससे दो पवित्र आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों के बीच सीधा रेल संपर्क बन गया। इसके पहले फरवरी में प्रधानमंत्री डेरा सचखंड बल्लां आए थे। वे जिन इलाकों से होकर गए हैं, वें पंजाब के दोआबा क्षेत्र में स्थित हैं, जहाँ राज्य में अनुसूचित जाति मतदाताओं की सबसे बड़ी आबादी रहती है। ये मतदाता क्यों महत्त्वपूर्ण हैं, यह आपको इसी लेख में कुछ आगे जाने पर समझ में आएगा।

पंजाब में बीजेपी का सामाजिक आधार होने के बावज़ूद वह सत्ता की राजनीति में पहली कतार में नहीं रही है। वह यहाँ शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ती रही है, और वह गठबंधन भी टूट चुका है, पर अब लगता है कि पार्टी योजनाबद्ध तरीके से पंजाब को अपने कब्जे लेने की योजना बना रही है। पिछले कुछ महीने के घटनाक्रम को जोड़कर देखें, तो इसका संकेत मिलता है। और अब यह भी दिखाई पड़ रहा है कि पार्टी का अकाली दल से गठबंधन भी हो जाएगा। विधानसभा के चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में होने की उम्मीद है। विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त होगा। चुनाव के मैदान में कम से कम तीन प्रमुख मोर्चे दिखाई पड़ रहे हैं।

तीन ताकतें

आम आदमी पार्टी: पार्टी पहली बार 2022 में सत्ता में आई थी। उसकी विजय के पीछे उसका नयापन, दिल्ली का अनुभव और उसके पहले के सत्ताधारी दल कांग्रेस की आंतरिक कलह थी। 2022 में उसने 117 सदस्यों वाली विधानसभा में 92 सीटें जीती थीं। इसबार सरकार के प्रदर्शन यानी रोजगार, नशा नियंत्रण, कृषि, वित्त की परीक्षा है। हाल में ‘आप’ ने 71 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान धुरी से फिर लड़ेंगे। इस साल राज्य में हुए नगरपालिका चुनावों में ‘आप’ ने अपनी मजबूती को प्रदर्शित किया है, पर विधानसभा चुनाव के परिणाम बहुत सी बातों पर निर्भर करते हैं। 

‘आप’ के सामने कई चुनौतियाँ आ रही हैं। उसके वरिष्ठ सांसदों का पार्टी छोड़ना, मंत्रियों और अधिकारियों की जाँच, लीडरशिप के विवाद, और कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार चिंताएँ, और सबसे ऊपर बढ़ती नशाखोरी ने राज्य में पार्टी के राजनीतिक दबदबे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा झटका ‘आप’ के सात राज्यसभा सदस्यों का पार्टी छोड़ना रहा है। कुछ पर्यवेक्षक मानते हैं कि पंजाब धीरे-धीरे ‘आप’-बनाम-बीजेपी की तरफ बढ़ रहा है।

चुनाव की घोषणा से पहले ही पार्टी ने 71 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। राजनीतिक विश्लेषकों और विपक्षी दलों (कांग्रेस व बीजेपी) के अनुसार, इस शुरुआती सूची का मुख्य उद्देश्य पार्टी के मौजूदा विधायकों को दूसरी पार्टियों में जाने (दलबदल) से रोकना और संभावित आंतरिक बगावत को समय रहते संभालना है।

इसके अलावा पार्टी ने सितंबर से राज्य में व्यापक स्तर पर घर-घर जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। पार्टी की बूथ समितियों के सदस्य और नेता 'मावां-धीयां सत्कार योजना' सहित अन्य कल्याणकारी नीतियों और साढ़े चार साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच पहुँच रहे हैं।

गत 1 नवंबर को इंडी ब्लॉक की रैली के कारण विरोधी दलों में नई जान आई है, पर आम आदमी पार्टी फिलहाल असमंजस में दिखाई पड़ रही है। एक तरफ, उसने खुद को इंडी ब्लॉक से दूर कर लिया है, वहीं उसके नेता अरविंद केजरीवाल की राष्ट्रीय पहचान कम हो रही है, केजरीवाल 23 जून, 2023 को पटना में नीतीश कुमार की लीडरशिप में हुई इंडी एलायंस की पहली मीटिंग में शामिल हुए थे, बल्कि बाद की बैठकों में भी मौजूद रहे। लेकिन, दिल्ली में हार के बाद केजरीवाल ने तय किया कि पार्टी अब उस गठबंधन का हिस्सा नहीं रहेगी, और 18 जुलाई, 2025 को ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने अलग होने की घोषणा कर दी। उसके बाद से पार्टी अधर में है।

यह सच है कि पंजाब में ‘आप’ का मुख्य विरोधी दल कांग्रेस है, लेकिन यह सबको पता है कि इंडी ब्लॉक में ऐसे अंतर्विरोध और भी हैं। केरल में कांग्रेस और लेफ्ट ने एक-दूसरे से लड़ाई लड़ी, जहाँ कांग्रेस के नेतृत्व वाला ब्लॉक आखिरकार सत्ता में आया। रामलीला मैदान की रैली में, सीपीएम के जनरल सेक्रेटरी एमए बेबी राहुल गांधी के साथ खड़े थे, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता भी, जिन्होंने पश्चिम बंगाल में लेफ्ट और कांग्रेस दोनों के खिलाफ़ ज़ोरदार लड़ाई लड़ी।

कांग्रेस: राज्य में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है। पर 2022 के चुनाव में उसे भारी पराजय का सामना करना पड़ा और उसे कुल मिलाकर 18 सीटें मिलीं। फिलहाल पार्टी आंतरिक एकता और संगठन सुधारने पर जोर दे रही है। राहुल गांधी धीरे-धीरे पार्टी में ज्यादा बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। उनके पास पिछली बार की गड़बड़ियों का अनुभव भी है। पंजाब विधानसभा में कांग्रेस के 16 सदस्य हैं, जबकि भाजपा के केवल दो सदस्य हैं। शिरोमणि अकाली दल (बादल) के तीन सदस्य हैं, जबकि एक विधायक बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का है। एक निर्दलीय विधायक भी है।

कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। हाल ही में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अपनी रणनीति का खुलासा किया है, जिसके प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:

1. 'इंसाफ रैली' और मालवा क्षेत्र पर फोकस। पार्टी ने 4 नवंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर (फग्गूवाला गाँव) में विशाल 'इंसाफ रैली' के जरिए 2027 के चुनाव प्रचार का बिगुल फूँका। संगरूर और मालवा क्षेत्र (बठिंडा, मानसा, बरनाला) को आम आदमी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। कांग्रेस ने इसी मजबूत गढ़ में सीधे सेंध लगाने की रणनीति बनाई है।

2. साइकिल यात्रा के जरिए जमीनी संपर्क। रैलियों के अलावा, कांग्रेस 12 नवंबर 2026 से माझा, मालवा और दोआबा क्षेत्रों में तीन अलग-अलग 10-दिवसीय साइकिल यात्राएं निकाल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में प्रस्तावित रूट चमकौर साहिब से तलवंडी साबू, अमृतसर से डेरा बाबा नानक और अमृतसर से हुसैनीवाला शामिल हैं। इन यात्राओं में राहुल गांधी और सचिन पायलट के भी शामिल होने की संभावना है।

3. मुख्य चुनावी मुद्दे। नशा (चिट्टा) की समस्या: राज्य में सिंथेटिक ड्रग्स और नशे के बढ़ते कारोबार को बड़ा मुद्दा बनाया गया है। गैंगस्टर हिंसा और कानून-व्यवस्था: गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या और हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था की विफलता को उठाया जा रहा है। किसान और बेरोजगारी: किसानों की परेशानियाँ, युवाओं में निराशा और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधा जा रहा है।

4. आंतरिक कलह खत्म कर एकजुटता का संदेश। सामूहिक प्रचार: हाईकमान ने पंजाब इकाई को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी नेता अकेले प्रचार नहीं करेगा। गुटबाजी रोकने और सभी वरिष्ठ नेताओं (मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सचिन पायलट, परगट सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वाडिंग आदि) को एक मंच पर लाकर एकजुटता का संदेश दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह को आंतरिक तनाव के बीच एक तटस्थ और सबको साथ लेकर चलने वाले चेहरे के रूप में आगे बढ़ाया गया है।

अकाली दल-बीजेपी गठबंधन: किसी समय राज्य का सबसे प्रमुख शिरोमणि अकाली दल अब तीसरे स्थान पर है। संभवतः राजनीतिक मजबूरियों ने अकाली दल को भारतीय जनता पार्टी के साथ फिर से गठबंधन को प्रेरित किया है। मीडिया रिपोर्ट्स और राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों के बीच फिर से साथ आने को लेकर बातचीत चल रही है, लेकिन सीट-बँटवारे को लेकर पेंच फँसा हुआ है। लगता है कि दिवाली के बाद दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो सकता है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बठिंडा में एक रैली भी संभावित बताई जा रही है।

अन्य दल: अमृतपाल सिंह से जुड़े अकाली दल (वारिस पंजाब दे) पंथिक वोटों को प्रभावित कर सकते हैं। शिरोमणि अकाली दल के कुछ गुट और बीएसपी  भी मैदान में हैं। इस तरह से 2022 के एकतरफा नतीजों से अलग, जो बहु-कोणीय मुकाबला बन रहा है, उसके कारण परिणामों को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है। ‘आप’ को एंटी इनकंबैंसी का सामना करना पड़ सकता है, जबकि विपक्ष बिखरा हुआ है।

बीजेपी की महत्त्वाकांक्षा

राज्य में बीजेपी का भी एक जनाधार है, पर उसे पिछले चुनाव में बुरी तरह पराजय का सामना करना पड़ा था। अकाली दल के साथ उसका पहले से गठबंधन रहा है, अकाली दल एनडीए के साथ में केंद्र सरकार में भी भागीदार रहे है, पर पिछले चुनाव में वह गठबंधन टूट गया था। बंगाल की सफलता के बाद बीजेपी अब पंजाब में अपनी वापसी चाहती। यों भी बीजेपी अपनी राष्ट्रीय पकड़ बनाए रखने के लिए लगातार विस्तार चाहती है। पर पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति नहीं है।

इस समय भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का ज़ोर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बूथ स्तर के संगठन को मजबूत करने पर है। पार्टी इस बार सिख चेहरों और नेतृत्व को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे वह केवल शहरी हिंदू मतदाताओं तक सीमित न रहकर अपने दायरे का विस्तार कर सके। चंडीगढ़ में 'जख्म 84 दे कॉनक्लेव' जैसे आयोजनों के जरिए पार्टी सिख और पीड़ितों से जुड़े मुद्दों पर संवाद साध रही है।

पर्यवेक्षक मानते हैं कि बीजेपी इसबार अकाली दल के साथ पुराने समीकरण को भी बदलना चाहती है। पहले अकाली दल 94 और बीजेपी 23 सीटों पर लड़ती थी। अब कहा जा रहा है कि बीजेपी 35 से 40 या 50 सीटों तक माँग रही है। 2022 के चुनाव में अकाली दल केवल तीन सीटों पर ही जीत पाई थी।

‘आप’ का पराभव

2024 लोकसभा चुनाव में ‘आप’ की असेंबली सेगमेंट में लीड कम रही थी, जिससे लगता है कि उसके सामने एंटी इनकंबैंसी की चुनौती है। फिर भी सभी दलों में ‘आप’ सबसे आगे दिखाई पड़ रही है, लेकिन मुकाबला खुला है।

‘आप’ ने सत्ता में आने के तीन महीने के अंदर पंजाब को ड्रग्स की समस्या से मुक्त करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वस्तुतः स्थिति और खराब हो गई है। जुलाई 2024 में पंजाब बीजेपी के मीडिया हैड विनीत जोशी ने दावा किया था कि ‘आप’ के राज में ड्रग्स के गलत इस्तेमाल से 587 लोगों की मौत हुई हैं। उन्होंने दावा किया था कि सामाजिक बदनामी और पुलिस की आनाकानी के डर से कई परिवार मौत की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराते, इसलिए वास्तविक मौतें 2,000 से 2,500 के बीच हो सकती हैं। दो साल से ज्यादा समय हो गया है, और आज यह पंजाब की सबसे बड़ी समस्या बन गई है।

पंजाब में सत्ता में आने से पहले, केजरीवाल समेत ‘आप’ के कई नेताओं ने दावा किया था कि राज्य में रेत और बजरी की माइनिंग का गैर-कानूनी कारोबार हर साल 20,000 करोड़ रुपये का है। केजरीवाल का कहना था कि इसे लीगल करने से राज्य का खजाना भरने की ताकत है। केजरीवाल ने 2021 में अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रिपोर्टरों से कहा, “यह पैसा सरकारी खजाने के बजाय नेताओं की जेब में जा रहा है। इसका इस्तेमाल लोगों की भलाई के लिए किया जा सकता है।”

राज्य सरकार के एक अनुमान के मुताबिक, नदी किनारे माइनिंग से सालाना 800 करोड़ रुपये की कमाई हो सकती है, और यह भी सरकार को खदान से होने वाली सालाना 288।52 करोड़ रुपये की कमाई का लगभग तीन गुना है। मान की सरकार लगातार केंद्र पर फंड रोकने का आरोप लगाती है, जो उसका कहना है कि सहकारी संघवाद के सिद्धांतों के खिलाफ है। अब आगामी चुनाव मान के नेतृत्व और ‘आप’ के गवर्नेंस मॉडल के असर का कड़ा टेस्ट लेंगे। क्या पार्टी पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने का अपना वादा पूरा कर पाई? इस सवाल का जवाब अब मतदाता को देना है।

दिल्ली में ‘आप’ की हार

2025 में दिल्ली विधानसभा के चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार से पंजाब में खतरे की घंटी बजने लगी थी। यह अकेला ऐसा राज्य है जहाँ ‘आप’ सत्ता में है। दिल्ली में बीजेपी के हाथों ‘आप’ की हार ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के हौसलों का बढ़ा दिया था। ऐसा तब हुआ, जब कांग्रेस लगातार तीसरी बार दिल्ली में एक भी सीट नहीं जीत पाई, जबकि अकाली दल (बादल) ने दिल्ली में कोई प्रत्याशी नहीं उतारा। उस हार के बाद से अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में ही डेरा डाल रखा है।

संकेत यह भी है कि ‘आप’ को कमज़ोर करने की अपनी कोशिशों में कांग्रेस और बीजेपी दोनों को एक जैसे कारण मिल गए हैं। कांग्रेस को दिल्ली में अपनी ज़मीन की वापसी चाहिए और बीजेपी ऐसे प्रतिस्पर्धी को खत्म करना चाहती है,, जो निम्न और मध्यवर्ग के लोगों से जुड़ा हो और हिंदुत्व का सहारा भी लेता है। जैसे-जैसे ‘आप’ कमज़ोर होगी, राज्य में कांग्रेस और दोनों को फ़ायदा होगा।

पंजाब की मान सरकार की इस बात के लिए आलोचना होती है कि उसके पास शासन का अनुभव नहीं है और उसे दिल्ली से रिमोट के सहारे कंट्रोल किया जाता है। साफ़ है कि ‘आप’ की राष्ट्रीय महत्वाकांक्षाओं का भविष्य अब पंजाब पर टिका है। अलबत्ता पिछले डेढ़-दो साल में भगवंत सिंह मान को, केजरीवाल की छाया से बाहर निकलने और खुद को एक लीडर के तौर पर स्थापित करने का मौका भी मिला है।

बीजेपी की निगाहें

पिछले डेढ़ साल में, बीजेपी ने भारत के पूर्वी राज्यों में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा भी उसकी गिनती में शामिल हो गए हैं, और बिहार में, पार्टी ने अपने नेता को मुख्यमंत्री बना दिया है। हरियाणा उसके पाले में जा चुका है, पर पंजाब अभी उसकी पकड़ से बाहर है। तमिलनाडु और केरल जैसे दक्षिणी राज्यों की तरह, यह उत्तर भारत का एकमात्र राज्य है जहाँ पार्टी अब तक कोई खास चुनावी सफलता हासिल करने में नाकाम रही है। 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में, बीजेपी ने 117 में से सिर्फ़ 3 और 2 सीटें जीतीं।

पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री समेत बीजेपी के कई नेताओं के पंजाब के लगातार दौरे बताते हैं कि जब दूसरी पार्टियाँ कहीं और व्यस्त थीं, बीजेपी ने पंजाब में अपना अभियान शुरू कर दिया था। 1996 से, भाजपा ने शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है। यह गठबंधन दो दशकों से ज़्यादा समय तक चला, लेकिन 2020 में किसानों के विरोध के बीच टूट गया। पंजाब सिख-बहुल राज्य है, जबकि भाजपा को हिंदुओं से ज्यादातर समर्थन मिलता है।

तीन कृषि कानूनों के विरोध में 2020 से 2021 तक दिल्ली की सीमाओं पर हुए किसानों के विरोध प्रदर्शन ने पंजाब में भी बीजेपी के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं। चूंकि इस विरोध प्रदर्शन में पंजाब के किसानों की संख्या सबसे ज़्यादा थी, इसलिए पूरे राज्य में यह बात फैल गई कि बीजेपी की केंद्र सरकार पंजाब और उसके किसानों के प्रति दुश्मनी भरा रवैया रखती है।

अब तक, पार्टी ने अपने अभियान को ज़्यादातर 1984 में स्वर्ण मंदिर पर हुए हमले और दिल्ली में हुए सिख विरोधी दंगों तक ही सीमित रखा था, जबकि आमतौर पर वह अकाली दल के चुनावी मैनिफेस्टो के साथ ही चलती थी। पार्टी ने न तो किसी खास समुदाय की भलाई की वकालत की थी और न ही उनके लिए कोई खास स्कीम का वादा किया था। पर लगता है कि अब पार्टी किसी बड़ी रणनीति के साथ पंजाब में उतरने वाली है।

एक साल पहले से शुरुआत

दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को हराने के बाद से ही बीजेपी ने अपना फोकस पंजाब की तरफ करना शुरू कर दिया था। उस जीत से पार्टी के अंदर दो उम्मीदें जगीं: पहली, कि ‘आप’ को पंजाब में भी हराया जा सकता है और एक मज़बूत अभियान और कल्याण कार्यक्रमों के सहारे पंजाब में अपना आधार मज़बूत कर सकती है।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और रवनीत सिंह बिट्टू जैसे असरदार नेताओं को बीजेपी में शामिल करना इस बड़ी प्रक्रिया का हिस्सा माना जा सकता है। इसके अलावा, हाल में, पार्टी ने पंजाब से ‘आप’ के सात में से छह राज्यसभा सदस्यों को अपनी पार्टी में शामिल होने के लिए लुभाकर ‘आप’ को भावनात्मक चोट पहुँचाई। राघव चड्ढा और संदीप पाठक जैसे नेताओं का पार्टी छोड़ना खास तौर पर अहम है। चड्ढा योजना बनाने और फाइनेंशियल मैनेजमेंट के एक्सपर्ट हैं, जबकि पाठक को चुनावी डेटा और संगठनात्मक प्रबंधन पर अच्छी पकड़ है। 2022 के चुनाव में ‘आप’ को जिताने में इन दोनों की भूमिका थी।

इस साल 1 फरवरी को, गुरु रविदास जयंती के मौके पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर के पास बल्लान गाँव में गुरु रविदास की सबसे पवित्र तीर्थस्थल, सचखंड बल्लान डेरा में मत्था टेका और डेरा के आध्यात्मिक प्रमुख, संत निरंजन दास के पैर छुए। इसका मकसद रविदासिया समुदाय के वोटरों को प्रभावित करना था, जो आबादी के हिसाब से पंजाब में दलितों में सबसे बड़ा सब-ग्रुप है। उस मौके पर पंजाब के कोने-कोने से रविदासिया समुदाय के लाखों लोग इस खास डेरे में इकट्ठा हुए थे, इसलिए मोदी का संदेश साफ था: बीजेपी आपके संतों का सम्मान करती है और आपकी भलाई के लिए पूरी तरह तैयार है।

इसके अलावा, गुरिंदर ढिल्लों, राधा स्वामी डेरा, ब्यास के प्रमुख, जो पंजाब का एक और बहुत प्रभावशाली आध्यात्मिक केंद्र है और जिसका असर राज्य के हर समुदाय तक फैला हुआ है, पिछले दो सालों में कई बार प्रधानमंत्री मोदी से मिल चुके हैं। बीजेपी अब राधा स्वामी डेरा के ज़रिए भी भक्तों को अपनी ओर खींचने की कोशिश कर रही है।

इस बीच, हरियाणा के सिरसा में मौजूद डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम, जिनकी पंजाब के मालवा इलाके (117 विधानसभा सीटों में से 69 यहां हैं) में गहरी जड़ें हैं और जिनका चुनावी असर काफी है, को चुनाव के अहम मोड़ पर अक्सर बेल या पैरोल मिल जाती है। डेरा अक्सर साफ़ निर्देश देता है कि उसके मानने वालों को किस पार्टी का समर्थन करना चाहिए।

सर्वे और अनुमान: अभी तक विभिन्न सर्वे अलग-अलग तस्वीर दिखा रहे हैं। अक्तूबर में हुए ‘स्कोर’ के सर्वे में ‘आप’ को 69-82 सीटें, कांग्रेस 17-34, बीजेपी तो 4-12, और अकाली दल को तथा और वारिस पंजाब दे को 2-6 सीटों का अनुमान है। इस सर्वे में यह मानकर चला गया है कि बीजेपी और अकाली अलग-अलग लड़ेंगे, पर यदि उनका गठबंधन हुआ, तब स्थिति क्या होगी, अभी इसका अनुमान नहीं लगाया गया है। कुछ अन्य सर्वे जैसे भास्कर ने त्रिशंकु विधानसभा या ‘आप’ और कांग्रेस के करीबी मुकाबले का संकेत दिया है, जिसमें बीजेपी खेल बिगाड़ने वाली पार्टी बन सकती है। अक्तूबर में ही हुए इस सर्वे में ‘आप’ और कांग्रेस दोनों की 34-34 सीटों पर लीड, देखी गई। बीजेपी की पर। इसका मतलब है कि हंग असेंबली भी हो सकती है। अन्य सर्वे जैसे स्पिक मीडिया ने ‘आप’ को 60+ सीटों के आसपास दिखाया हैं, जबकि कुछ में कांग्रेस करीब आ रही है।

 

 

 

 

 

No comments:

Post a Comment