Showing posts with label चुनाव-2027. Show all posts
Showing posts with label चुनाव-2027. Show all posts

Wednesday, November 25, 2026

पंजाब में चुनाव की सरगर्मी

 

वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह, जो इस समय जेल में हैं। 

पंजाब में चुनावी सरगर्मी शुरू हो चुकी है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 71 उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं। कांग्रेस ने संगरूर में रैली कर अपनी ताकत दिखाई है। गत 24 नवंबर को अकाली-बीजेपी गठबंधन की भी घोषणा हो गई है। इन पार्टियों के अलावा ग्रामीण सिख युवाओं का संगठन 'वारिस पंजाब दे' ने भी अपनी मौजूदगी दिखाई है। 14 जनवरी 2025 को अमृतपाल सिंह के नेतृत्व में अकाली दल (वारिस पंजाब दे) नामक राजनीतिक दल का गठन किया गया। अमृतपाल सिंह को 2023 में गिरफ्तार कर असम की डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया था और हाल में 21 नवंबर 2026 को अदालत की अनुमति से अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वे अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचे थे। जुलाई 2024 में, अमृतपाल को सांसद के तौर पर शपथ लेने के लिए दिल्ली जाने और फिर सीधे असम वापस जाने के लिए चार दिन की पैरोल दी गई थी। गिरफ्तारी के बाद से उन्हें अपने गांव लौटने और अपने समर्थकों से मिलने का मौका नहीं मिला है।

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल छह साल बाद बार फिर एक साथ आ गए हैं। 24 नवंबर को गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की घोषणा की। अमित शाह ने कहा कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का पद भी उसी को मिलेगा। हालाँकि, सीटों के बँटवारे का फॉर्मूला अभी घोषित नहीं हुआ है। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। पहले गठबंधन में बीजेपी को 23 सीटें मिलती थीं। इस बार वह इससे कहीं ज़्यादा सीटों की माँग कर रही है।

वहीं आम आदमी पार्टी 26 नवंबर को अपने 14वें स्थापना दिवस पर मोगा में शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी इस मौके पर एक मेगा रैली का आयोजन करेगी, जिसमें अब तक घोषित सभी 71 उम्मीदवार, हल्का इंचार्ज, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एक ही मंच पर नजर आएंगे। प्रदेश की राजनीति में यह पहला बड़ा मौका होगा, जब ‘आप’ के घोषित 71 उम्मीदवार राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ एक मंच पर नजर आएंगे। इसके अलावा सभी हल्का इंचार्जों की भी भागीदारी दिखाई देगी। इसे आगामी विधानसभा चुनावों के लिए ‘आप’ के औपचारिक चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार ने मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, 10 लाख तक फ्री इलाज, विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल और रोजगार से जुड़े फैसलों को अपनी प्रमुख पहलों में रखा है। 26 नवंबर को पार्टी नेतृत्व इन योजनाओं और सरकार की ओर से किए गए कामों का ब्यौरा जनता के सामने रखेगा. इसके साथ ही पंजाब के अगले पाँच वर्षों के विकास का रोडमैप भी सामने आने की उम्मीद है।

कॉक्रोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों के बाद से उत्तर भारत में यह पहला राज्य चुनाव होगा, जिसकी वजह से मोदी सरकार को कई राजनीतिक विवादों का सामना करना पड़ा। पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ आंदोलन और फिर स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न के ज़रिए वोटरों को बाहर करने पर हुए विरोध प्रदर्शनों ने संसद में विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी और मुख्य विपक्षी पार्टी के तौर पर कांग्रेस की राजनीतिक साख बढ़ा दी है।

कांग्रेस ने सचिन पायलट को पंजाब इंचार्ज और पूर्व भारतीय हॉकी टीम के कप्तान और तीन बार के विधायक परगट सिंह को राज्य कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर गुटबाजी को रोकने की कोशिश की है। इस कॉम्बिनेशन ने झगड़े को काफी हद तक कंट्रोल करने में मदद की है। पंजाब में कांग्रेस का एक मज़बूत बेस पहले से है।