Showing posts with label शेनझेन-सम्मेलन. Show all posts
Showing posts with label शेनझेन-सम्मेलन. Show all posts

Friday, November 20, 2026

शेनझेन में तमाशा खूब हुआ


अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने गुरुवार 19 नवंबर को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी पहली तीन-तरफ़ा मीटिंग में कहा, ‘हम धरती पर नाभिकीय अस्त्रों को कम करने के तरीकों पर बात करने की स्थिति में हैं।’ अलबत्ता चीन के टेक्नोलॉजी हब शेनझेन शहर में झील के किनारे एक विला में 80 मिनट की बातचीत के बाद, यह साफ़ हो गया कि तीनों नेता उस तरह की शस्त्र-नियंत्रण पर बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं, जो दशकों तक शीतयुद्ध के दौरान महाशक्तियों के बीच का केंद्रीय विषय थी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत नए खतरों पर, तीनों नेता ज़्यादातर चुप रहे और यूक्रेन तथा ईरान की लड़ाई पर भी खामोशी रही। बहरहाल मिस्टर ट्रंप ने एक गोल टेबल के चारों ओर बैठे तीनों नेताओं की हाई-प्रोफाइल फोटो खिंचवाने का मज़ा ज़रूर लिया। 

इस बैठक की तस्वीर पर ध्यान दें। शी जिनपिंग एक बड़े कमरे के बीच में हैं,  उनके दोनों तरफ़ अमेरिका और रूस के राष्ट्रपति हैं, जिन्हें उन्होंने बुलाया है। ज़्यादातर लोगों के लिए, यह तस्वीर इस बात का इशारा थी कि दुनिया तेज़ी से बीजिंग की ताकत और पसंद के आस-पास घूम रही है। और खासकर अमेरिका के साथियों के लिए, यह परेशान करने वाला बात है, क्योंकि इससे लगा कि वॉशिंगटन अपने पार्टनर्स के बजाय दूसरी बड़ी ताकतों के साथ जुड़ाव को ज़्यादा अहमियत देगा। इस प्राथमिकता का एक पक्का सबूत भी था। पुतिन और शी के साथ यह तीन-तरफ़ा मीटिंग, ट्रंप की दो दिन पहले मनीला में ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान के साथ हुई क्वॉड मीटिंग से दोगुनी लंबी चली। सम्मेलन में शामिल तीनों पक्षों के तीन अलग-अलग इरादे थे, जो इस प्रकार हैं:

·      महाशक्ति के रूप में चीन, दुनिया के सामने अमेरिका से यह बात मनवाना चाहता है कि चीन हमारे बराबर का देश है। 

·      सोवियत संघ के विघटन के बाद से दबा-दबा रूस भी तीसरी महाशक्ति के रूप में मान्यता चाहता है। यूक्रेन पर हमले के कारण उसकी अछूत वाली स्थिति खत्म हो गई और वह डिप्लोमेटिक बराबरी के स्तर पर आ गया।

·      अपने देश की राजनीति में विफल और वैश्विक-राजनीति में प्रभावहीन होता जा रहा ट्रंप का अमेरिका, अपनी साख बचाने को बेचैन है।

शेनझेन सम्मेलन से भारत कितना प्रभावित होगा, या उसका भारत पर क्या असर पड़ेगा, इसपर विचार करने के पहले इन तीन देशों के आपसी रिश्तों को अच्छी तरह समझना होगा। भारत के इन में से दो देशों के साथ सामरिक संबंध हैं और एक के साथ व्यापारिक-रिश्ते। हमारा तीनों में से किसी के साथ ऐसा रिश्ता नहीं है, जो स्थायी प्रकृति का हो। इन तीन के अलावा भी दुनिया है, खासतौर से विकासशील देश भी हैं। फिलहाल शेनझेन पर ही बात को जारी रखें।

इस शिखर सम्मेलन के बाद, तीनों नेताओं ने एक संयुक्त घोषणापत्र जारी किया जिसमें कहा गया कि वे 1.संयुक्त राष्ट्र में सुधार करने, 2.पेट्रोलियम का उत्पादन और सप्लाई बढ़ाने, 3.किसी भी देश के अधिकारियों के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट की कार्रवाइयों का विरोध करने और 4.नाभिकीय जोखिम कम करने पर अपनी बातचीत जारी रखेंगे। घोषणापत्र में कहा गया, ‘नाभिकीय युद्ध जीता नहीं जा सकता और न कभी लड़ा जाना चाहिए।’ इसके तीसरे बिंदु का मतलब क्या है? व्लादिमीर पुतिन पर यूक्रेन में युद्ध अपरोधों के लिए ICC का अरेस्ट वारंट है। फिर भी ट्रंप ने पिछले साल अलास्का में रूसी लीडर का स्वागत किया और अगले महीने फ्लोरिडा में होने वाले G20 समिट के लिए उन्हें आमंत्रत किया है।