Sunday, August 14, 2022

हर-घर तिरंगा, हर-मन तिरंगा


कल आज़ादी की 75 वीं वर्षगाँठ और 76वाँ स्वतंत्रता दिवस है। यह साल हम ‘आज़ादी के अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। इस साल केंद्र सरकार ने हर-घर तिरंगा अभियान की शुरुआत भी की है। 11 से 17 अगस्त के बीच यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जुलाई को इस अभियान की घोषणा की थी। इस अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक घरों पर कम से कम 20 करोड़ झंडे लगाने का लक्ष्य भी है। इस कार्यक्रम को बढ़ावा देने के पीछे सरकार का जो भी इरादा रहा हो, उसपर उंगली उठाना या राजनीति का विषय बनाना समझ में नहीं आता। देश में राष्ट्र-ध्वज से जुड़े नियम अभी तक बहुत कड़े थे। उन्हें आसान बनाने और पूरे देश को एक सूत्र में बाँधने की कोशिश करने में कोई खराबी नहीं है। बहरहाल झंडे लगाएं, साथ ही राष्ट्रीय-ध्वजों की अवधारणा, अपने ध्वज के इतिहास, उससे जुड़े प्रतीकों और सबसे ज्यादा ध्वजारोहण से जुड़े नियमों को भी समझें। तभी इसकी उपादेयता है।

राष्ट्रीय-भावना

फिराक गोरखपुरी की पंक्ति है, ‘सरज़मीने हिन्द पर अक़वामे आलम के फ़िराक़/ काफ़िले बसते गए हिन्दोस्तां बनता गया।’ भारत को उसकी विविधता और विशालता में ही परिभाषित किया जा सकता है। पर चुनावी राजनीति ने हमारे सामाजिक जीवन की इस विविधता को जोड़ने के बजाय तोड़ा भी है। पिछले कुछ वर्षों से भारतीय राष्ट्र-राज्य को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। राहुल गांधी ने इस साल फरवरी में संसद में कहा कि  भारत राष्ट्र नहीं, राज्यों का संघ है। ऐसा कहने के पीछे उनकी मंशा क्या थी पता नहीं, पर इतना स्पष्ट है कि राजनीतिक कारणों से हमारे अंतर्विरोधों को खुलकर खोला जा रहा है। भारत की अवधारणा पर हमलों को भी समझने की जरूरत है। सच है कि भारत विविधताओं का देश है। आजादी के काफी पहले अंग्रेज गवर्नर जनरल सर जॉन स्ट्रेची ने कहा था, भारतवर्ष न कभी राष्ट्र था, और न है, और न उसमें यूरोपीय विचारों के अनुसार किसी प्रकार की भौगोलिक, राजनैतिक, सामाजिक अथवा धार्मिक एकता है। यूरोप के कुछ विद्वान मानते हैं कि भारतवर्ष एक राजनीतिक नाम नहीं, एक भौगोलिक नाम है जिस प्रकार यूरोप या अफ़्रीका। इन विचारों और नजरियों को तोड़ते हुए ही भारत में राष्ट्रवाद का उदय और विकास हुआ, जिसका प्रतीक हमारा राष्ट्रीय-ध्वज है। अनेकता में एकता ही भारत की पहचान है, जिसे यूरोपीय-दृष्टि से समझा नहीं जा सकता।

राष्ट्रवाद का इतिहास

राष्ट्रीय-एकता को स्थापित करता है हमारा राष्ट्रीय-ध्वज। इसके विकास का लंबा इतिहास है। आपने महाभारत के युद्ध का विवरण पढ़ते समय रथों पर फहराती ध्वजाओं का विवरण भी पढ़ा होगा। देशों और राज-व्यवस्थाओं के विकास के साथ राज्य के प्रतीकों का विकास भी हुआ, जिनमें राष्ट्रीय-ध्वज सबसे महत्वपूर्ण हैं। यह ध्वज भारत के राष्ट्रीय आंदोलन के दौरान विकसित, हुआ है। 1857 के पहले स्वतंत्रता-संग्राम के सेनानियों ने एक ध्वज की योजना बनाई थी। आंदोलन असमय ही समाप्त हो गया और उसके साथ ही वह योजना अधूरी रह गई।

ध्वज का विकास

1904 में स्वामी विवेकानंद की शिष्या भगिनी निवेदिता ने एक ध्वज का चित्र बनाया। 7 अगस्त 1906 को ग्रीन पार्क, कोलकाता में इसे कांग्रेस के अधिवेशन में फहराया गया। इस ध्वज को लाल, पीले और हरे रंग की क्षैतिज पट्टियों से बनाया गया था। ऊपर की ओर हरी पट्टी में आठ कमल थे और नीचे की लाल पट्टी में सूरज और चाँद बनाए गए थे। बीच की पीली पट्टी पर वंदेमातरम् लिखा गया था। मैडम भीकाजी कामा ने अगस्त 1907 में, जर्मनी के शहर स्टटगार्ट में दूसरी सोशलिस्ट कांग्रेस के अधिवेशन स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह विदेशी धरती पर फहराया जाने वाला पहला भारतीय ध्वज था। इसे भारत की स्वतंत्रता का ध्वज नाम दिया गया। यह ध्वज भी पहले के समान था, सिवाय इसके कि इसमें सबसे ऊपर की पट्टी पर केवल एक कमल था, किंतु सात तारे सप्तऋषियों को दर्शाते थे। 1917 में एनी बेसेंट और लोकमान्य तिलक ने होमरूल लीग आंदोलन के दौरान एक और ध्वज को फहराया। इसमें 5 लाल और 4 हरी क्षैतिज पट्टियाँ एक के बाद एक और सप्तऋषि के प्रतीक सात सितारे बने थे। ऊपरी किनारे पर यूनियन जैक और एक कोने में सफेद अर्धचंद्र और सितारा भी था। महात्मा गांधी ने 1921 में कांग्रेस के अपने झंडे की बात की थी। इस झंडे को पिंगली वेंकैया ने डिजाइन किया था। इसमें दो रंग थे लाल और हरा। बीच में एक चरखा था। बाद में इसमें सफेद रंग भी जोड़ा गया। 22 जुलाई, 1947 को संविधान सभा ने राष्ट्रध्वज को संशोधित किया। इसमें चरखे की जगह अशोक चक्र ने ली और लाल की जगह केसरिया रंग ने। 1951 में भारतीय मानक ब्यूरो ने पहली बार राष्ट्रध्वज के लिए कुछ नियम तय किए।

पहला ध्वजारोहण

भारतीय संविधान सभा ने 22 जुलाई 1947 को राष्ट्रीय ध्वज को स्वीकार किया। 14-15 अगस्त की रात में संसद भवन के सेंट्रल हॉल में तिरंगा फहराया गया। इसी कार्यक्रम में 72 महिलाओं के एक समूह का नेतृत्व करते हुए स्वतंत्रता सेनानी श्रीमती हंसा मेहता ने यह राष्ट्रीय ध्वज संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ राजेन्द्र प्रसाद को भेंट किया। इसके बाद 15 अगस्त की भोर में इसे वायसरीगल हाउस या वर्तमान राष्ट्रपति भवन के शिखर पर भी फहराया गया। एक जानकारी यह भी है कि 16 अगस्त 1947 को सुबह साढ़े आठ बजे प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने लालकिले के प्राचीर पर ध्वजारोहण किया था। 14 अगस्त 1947 की शाम को ही वायसराय हाउस के ऊपर से यूनियन जैक को उतार लिया गया था। इस यूनियन जैक को आज इंग्लैंड के हैम्पशर में नॉर्मन ऐबी ऑफ रोमसी में देखा जा सकता है। 15 अगस्त 1947 को सुबह छह बजे राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दिए जाने का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में पहले समारोहपूर्वक यूनियन जैक को उतारा जाना था, लेकिन लॉर्ड माउंटबेटन और पंडित नेहरू के विमर्श से कार्यक्रम में कुछ बदलाव कर दिया गया।

पिंगली वेंकैया

पिंगली वैंकैया को भारत के राष्ट्रीय ध्वज का अभिकल्पक माना जा सकता है। उनका जन्म 2 अगस्त 1876, को वर्तमान आंध्र प्रदेश के मछलीपत्तनम के निकट भटलापेनुमारु नामक स्थान पर हुआ था। मद्रास से हाई स्कूल की परीक्षा पास करने के बाद वे कैंब्रिज यूनिवर्सिटी चले गए। वहाँ से लौटने पर उन्होंने एक रेलवे गार्ड के रूप में और फिर लखनऊ में एक सरकारी कर्मचारी के रूप में काम किया और बाद में वह एंग्लो वैदिक महाविद्यालय में उर्दू और जापानी भाषा का अध्ययन करने लाहौर चले गए। पिंगली ने ब्रिटिश भारतीय सेना में भी सेवा की थी और दक्षिण अफ्रीका के एंग्लो-बोअर युद्ध में भाग लिया था। यहीं वे गांधी जी के संपर्क में आए। 1921 में विजयवाड़ा में आयोजित कांग्रेस के अधिवेशन में वेंकैया ने भारत का खुद का राष्ट्रीय ध्वज होने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका यह विचार गांधी जी को बहुत पसंद आया। गांधी जी ने उन्हें राष्ट्रीय ध्वज का प्रारूप तैयार करने का सुझाव दिया। 1931 में कांग्रेस ने कराची के अखिल भारतीय सम्मेलन में केसरिया, सफ़ेद और हरे तीन रंगों से बने इस ध्वज को सर्वसम्मति से स्वीकार किया। बाद में राष्ट्रीय ध्वज में इस तिरंगे के बीच चरखे की जगह अशोक चक्र ने ले ली।

ध्वज-संहिता

भारतीय राष्ट्रीय-ध्वज का प्रदर्शन, फहराना और उपयोग भारतीय ध्वज-संहिता, 2002 और राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 के तहत आता है। इस संहिता को 26 जनवरी 2002 से लागू किया गया। 2002 से पहले आम लोगों को सिर्फ स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराने की छूट थी। 26 जनवरी 2002 को इंडियन फ्लैग-कोड में संशोधन किया गया, जिसके बाद अब कोई भी नागरिक किसी भी दिन झंडा फहरा सकता है। 20 जुलाई, 2022 को एक आदेश के जरिए इस कोड में भी संशोधन किया गया है। पहले तिरंगे को केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक फहराने की अनुमति थी। अब रात में भी राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं। यह ध्यान रखना होगा कि ध्वज का पोल वास्तव में लंबा हो और झंडा खुद भी चमके। पहले राष्ट्रीय-ध्वज खादी के ही हो सकते थे, पर अब पॉलिएस्टर और मशीन से बने राष्ट्रीय ध्वज का भी उपयोग किया जा सकता है।

ध्वजारोहण का अधिकार

गृह मंत्रालय ने उद्योगपति सांसद नवीन जिंदल द्वारा इस सम्बन्ध में रखे गए एक प्रस्ताव के बाद यह फैसला किया। इससे पहले जिंदल ने हर नागरिक के मूलभूत अधिकार के तौर पर तिरंगा फहराने के लिहाज से अदालती लड़ाई जीती थी। जिंदल ने जून 2009 में मंत्रालय को दिए गए प्रस्ताव में बड़े आकार के राष्ट्रीय ध्वज को स्मारकों के पोलों पर रात में भी फहराए जाने की अनुमति माँगी थी। ध्वजारोहण के सिलसिले में कुछ बातों को फिर भी ध्यान में रखना चाहिए। झंडे को कभी जमीन पर नहीं रखा जा सकता। आधा झुकाकर नहीं फहराया जाएगा सिवाय उन मौकों के जब सरकारी इमारतों पर झंडे को आधा झुकाकर फहराने के आदेश जारी किए गए हों। उसे पानी में नहीं डुबोया जा सकता। झंडे के किसी भाग को जलाने, नुकसान पहुंचाने के अलावा मौखिक या शाब्दिक तौर पर इसका अपमान करने पर तीन साल तक की जेल या जुर्माना, या दोनों हो सकते हैं। इसका व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं कर सकते। तिरंगे की यूनिफॉर्म बनाकर पहनना गलत है। झंडे पर किसी तरह के अक्षर नहीं लिखे जाएंगे। खास मौकों पर झंडा फहराए जाने से पहले उसमें फूलों की पंखुड़ियां रखने में कोई आपत्ति नहीं है।

हरिभूमि में प्रकाशित

 

 

3 comments:

  1. आपकी इस प्रविष्टि् के लिंक की चर्चा कल सोमवार 15 अगस्त, 2022 को    "स्वतन्तन्त्रा दिवस का अमृत महोत्सव"   (चर्चा अंक-4522) 
       
    पर भी होगी।
    --
    कृपया कुछ लिंकों का अवलोकन करें और सकारात्मक टिप्पणी भी दें।
    --
    चर्चा मंच पर पूरी पोस्ट अक्सर नहीं दी जाती है बल्कि आपकी पोस्ट का लिंक या लिंक के साथ पोस्ट का महत्वपूर्ण अंश दिया जाता है।
    जिससे कि पाठक उत्सुकता के साथ आपके ब्लॉग पर आपकी पूरी पोस्ट पढ़ने के लिए जाये।
    --
    डॉ. रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक'  

    ReplyDelete
  2. जय हिंद ,हर घर तिरंगा 👍🇮🇳

    ReplyDelete
  3. Anonymous9:38 AM

    महत्वपूर्ण जानकारी…हार्दिक बधाई अमृत महोत्सव की

    ReplyDelete