Showing posts with label जी-3. Show all posts
Showing posts with label जी-3. Show all posts

Tuesday, November 17, 2026

गर्दो-गुबार के बीच से समझौतों की आहटें

शेनझेंग में हो रही बैठक के पहले एक रूसी कलाकार द्वारा बनाई गई पेंटिंग। इस बैठक की तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से की जा रही है। 

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव हो चुके हैं और वहाँ की राजनीति ने एक करवट ली है. अब खबरें हैं कि पश्चिम एशिया और यूरोप की शांति की दिशा में कुछ बड़े कदम दुनिया उठा सकती है.

इस हफ़्ते से कुछ महत्त्वपूर्ण वैश्विक-गतिविधियाँ, राजनेताओं की यात्राएँ और वार्ताएँ हो शुरू रही हैं, जो दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक किसी न किसी रूप में जारी रहेंगी. इन गतिविधियों के परिणाम वैश्विक-शांति और व्यापार समझौतों के रूप में दिखाई पड़ेंगे.  

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग इस हफ़्ते 19-20 नवंबर को चीन में मुलाकात करने की योजना बना रहे हैं.

शेनझेन में हो रहे एशिया पैसिफ़िक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (एपेक) सम्मेलन के हाशिए पर यह मुलाकात हो सकती है, पर बैठक के विषयों को लेकर कई तरह के संदेह हैं.

तीनों नेताओं की यह पहली मीटिंग होगी, और इस साल ट्रंप की शी के साथ तीसरी. अमेरिकी प्रवक्ता के अनुसार राष्ट्रपति ने यह साफ़ कर दिया है कि दूसरे विषयों के साथ, वे दुनिया में नाभिकीय अस्त्रों की कमी पर भी चर्चा करेंगे.

माना यह भी जा रहा है कि यहाँ एक नए जी-3 की शुरुआत भी हो सकती है. इस मुलाकात की तुलना दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान हुए याल्टा सम्मेलन से की जा रही है, जो 4-11 फरवरी, 1945 को क्राइमिया के एक रूसी रिसॉर्ट में हुआ था.

उस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूज़वेल्ट, ब्रिटिश प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और सोवियत प्रीमियर जोसेफ स्टालिन ने युद्ध के बाद की दुनिया के बारे में बड़े फैसले किए थे.