अरुण शौरी ने अपनी पुस्तक ‘नया मसीहा’
में विनायक दामोदर सावरकर के अंतर्विरोधों को उभारा है। उनके व्यक्तित्व का एक
पक्ष था हिंदू अंधविश्वासों पर जबर्दस्त प्रहार। अस्पृश्यता, जाति, प्रथाओं और
विश्वासों को लेकर सावरकर बुद्धिवादी थे। क्या उनके आज के समर्थक इस बात को जानते हैं? उनकी किताब के अंश पढ़ें:
सावरकर अस्पृश्यता को हिंदू धर्म का अभिशाप, अस्पृश्यता
राक्षसी कहते थे। इसी तरह उन्होंने जाति-व्यवस्था को जातिभेद का राक्षस और विषवृक्ष नाम दिए थे...
...रत्नागिरि में उन्होंने इस अभिशाप के खिलाफ
ज्यादा बड़े स्तर पर काम किया। जब उन्हें एक हनुमान मंदिर के उद्घाटन के लिए
आमंत्रित किया गया, तो उन्होंने कहा कि तभी आऊँगा, जब मंदिर के अंदर भजन गाते समय
अस्पृश्य लोग भी सबके साथ बैठेंगे। आयोजक इसके लिए तैयार हो गए। इस तरह मंदिर का
उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर सावरकर ने अस्पृश्यों के मंदिर प्रवेश पर लगी रोक की कड़ी
आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘अस्पृश्य समझे जाने वाले हिंदुओं को ईश्वर पूजा का अन्य हिंदुओं की तरह ही
प्राकृतिक अधिकार है। उसका उपभोग करने देना ही सच्चा धर्म है।’
एक रिपोर्ट में बताया गया कि बंबई के ब्राह्मणों की एक सभा में इस बात का उल्लेख हुआ कि श्री गणेश की प्रतिमा के सामने अस्पृश्यों का मिलन होगा। सावरकर इस मनोदशा को लेकर नाराज़ हो गए... उन्होंने लिखा, यह कैसे ईश्वर हैं, जो केवल अस्पृश्यों को देखने मात्र से पतित हो जाते हैं? ईश्वर का सबसे प्यारा नाम है पतित पावन। पर यहाँ उनके स्पर्श और दर्शनों से पतितों का उत्थान होने के बजाय, माना जाता है कि अस्पृश्यों के स्पर्श या देखने मात्र से ईश्वर दूषित हो जाता है। क्या वह मोम या गोबर का बना है?