Monday, November 29, 2010

एशियाड में भारतीय लड़कियाँ

एशियाई खेलों में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। हमारी पोजीशन छठे नम्बर पर रही। असली सफलता एथलेटिक्स में मिली। इसमें चीन के बाद हमारा दूसरा स्थान रहा। भारतीय टीम ने कुल 11 मेडल जीते इनमें 10 लड़कियों ने हासिल किए। एथलेटिक्स में भारत के पाँच में से चार गोल्ड मेडल लड़कियों के नाम हैं।

Sunday, November 28, 2010

नीरा राडिया टेप मामले से उठे सवाल


रतन टाटा के करीबी सूत्रों के अनुसार सम्भवतः वे इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे। रतन टाटा देश के सम्मानित उद्योगपति हैं और उनके संस्थान की देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका है। वे चाहते हैं कि यह देश बनाना रिपब्लिक न बनने पाए। यानी यहाँ ताकतवर लोग जो मन में आए वह न करा पाएं। वास्तव में एक सभ्हय और सुसंस्कृत देश के रूप में हमारी साख का सवाल है।

Saturday, November 27, 2010

क्या हैं टू जी, थ्रीजी और सीएजी

जेपीसी क्या होती है? और पीएसी क्या होती हैदूरसंचार आयोग क्या काम करता  है? और इन दिनों चल रहे दूरसंचार घोटाले का मतलब क्या है? किसने क्या फैसला किया और क्यों किया? सीएजी क्या करता है? उसे रपट लिखने की ज़रूरत क्यों आन पड़ी? उसकी रपट में क्या है?

मैं अपने आपको एक आम हिन्दी पाठक की जगह रखकर देखता हूँ तो ऐसे तमाम सवाल मेरे मन में उठते हैं। उसके बाद सुबह का अखबार उठाता हूँ तो कुछ और सवाल जन्म ले लेते हैं। टीआरएआई, जीओएम, एडीएजी, एफसीएफएस, 2जी, 3जी वगैरह-वगैरह के ढेर के बीच एक बात समझ में आती है कि कोई घोटाला हो गया है। मामला करोड़ों का नहीं लाखों करोड़ का है।

Monday, November 15, 2010

करप्शन कोश

मेरे मन में विचार आया है कि एक करप्शन कोश बनाया जाय। यह सिर्फ विचार ही है, पर इसे मूर्त रूप दिया जाय तो पठनीय सामग्री एकत्र की जा सकती है। इससे हमें कुछ जानकारियों को एक जगह लाने और विश्लेषण करने का मौका मिलेगा। करप्शन कितने प्रकार के हैं। सरकारी और अ-सरकारी करप्शन में क्या भेद है। करप्शन को रोकने के लिए समाज ने क्या किया। प्रतिफल क्या रहा। सामाजिक विकास के साथ करप्शन बढ़ा है या कम हुआ है। इस तरह के सैकड़ों बिन्दु हो सकते है।

हालांकि मैने बात भारतीय संदर्भ में शुरू की है, पर करप्शन तो वैश्विक अवधारणा है। इसका जन्म कहाँ हुआ। भारत में या कहीं और। क्या यह अनिवार्य है। यानी इससे पल्ला छुड़ाया जा सकता है या नहीं। करप्शन कोश की टाइमलाइन क्या हो। यानी 1947 या ईपू पाँच हजार साल। या पाँच अरब साल। क्या आप मेरी मदद करेंगे।

लगे हाथ मैं आपको ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल के ताज़ा नतीज़ों से परिचित करादूँ। नीचे एक सूची है जिसमें खास-खास देशों के नाम है। जितना बड़ा नम्बर उतना ज्यादा करप्शन। पर क्या वास्तव में यह सूची ठीक बनी होगी।


1 Denmark, New Zealand, Singapore
15 Germany
17 Japan
17 Japan
19 Qatar
22 United States
28 United Arab Emirates
30 Israel
50 Saudi Arabia
66 Rwanda
67 Italy
78 China
87 India
98 Egypt
105 Kazakhstan
127 Syria
143 Pakistan
146 Iran
154 Russia
175 Iraq
176 Afghanistan
178 Somalia


बहरहाल विचार कीजिए और मेरी मदद कीजिए। कुछ ग्रैफिक भी साथ में रख दिए हैं। यह बताने के लिए कि यह समस्या सर्व-व्यापी है।

Saturday, November 13, 2010

चीन में एशिया खेल

ग्वांग्ज़ो में एशिया खेलों का उद्घाटन समारोह आकर्षक और मौलिक था। दिल्ली के कॉमनवैल्थ खेल समारोह के उद्घाटन कार्यक्रम से इक्कीस ही लगा। हालांकि इन खेलों में शामिल देशों की संख्या कॉमनवैल्थ देशों से कम है, पर हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या दुगनी है। खेल का स्तर भी बेहतर होगा। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा की टीमों की कमी अकेले चीन की टीम ही कर देगी। फिर जापान और कोरिया हैं। ईरान, उज्बेकिस्तान, ताजिकस्तान, फिलीपाइन्स और इंडोनेशिया जैसी टीमें भी किसी से कम नहीं हैं।

चीनी क्रिकेट पर बीबीसी की यह खास रपट पढ़ें

और यह फिल्म देखें
हमारा सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट भी यहाँ है, पर हमारी टीम नहीं है। सबसे रोचक होगा चीनी क्रिकेट टीम को देखना। पाकिस्तान के जावेद मियांदाद ने टीम की मदद की है। खेलना चीनी खिलाड़ियों को ही है। पिछले तीन-चार साल में चीनी क्रिकेट में पारंगत हो गए हैं। अब उनका हुनर देखने की बारी है। कुछ साल पहले तक वो हॉकी भी नहीं खेलते थे, पर दोहा एशियाड में उन्होंने भारत को हरा दिया। कोई सीखना चाहे तो उसके लिए कोई काम मुश्किल नहीं है।